सर्कस में 80 के दशक का टच

रोहित शेट्टी की अपकमिंग फिल्म ‘सर्कस’ इस क्रिसमस पर रिलीज होने वाली है। इसका ट्रेलर 2 दिसंबर को आउट होगा। फिल्म से जुड़े टॉप एग्जीक्यूटिव ने इस बारे में बताया, ‘कहने को इस कहानी के लिए रोहित शेट्टी ने संजीव कुमार की ‘अंगूर’ के राइट्स लिए हुए हैं, हालांकि इसमें उन्होंने काफी चेंजेस किए हैं। उन्होंने इसमें उस फिल्म के मुकाबले 6 नए किरदार जोड़े हैं। रणवीर सिंह का डबल रोल है। रोहित शेट्टी ने अपने किरदारों के जरिए दुनिया भर से गुम हो रही सर्कस संस्कृति को वापस लाने की कोशिश की है। 100 से ज्यादा ट्रेंड जिम्नास्ट और एक्रोबैट्स यूज हुए हैं। साथ ही लोगों के जीवन से गायब होती जा रही है फैमिली वैल्यूज पर भी एक टेक लिया है। इस बार रोहित शेट्टी ने लोगों को हंसाने के लिए लाउड कॉमेडी नहीं करवाई है। इस बार वो काफी सारे मैसेज मेटाफर यानी रूपकों में दे रहे हैं। फैमिली की अहमियत को भी बढ़चढ़कर बताया गया है। एक सीधी तुलना पुराने और आज के जमाने में परिवार के प्रति लोगों के नजरिए में की गई है। यहां भी 80 के दशक का जहान क्रिएट किया गया है। रणवीर सिंह और वरुण शर्मा के किरदारों के यहां डबल रोल हैं। दोनों के बीच भाइयों वाला रिश्ता है। संजय मिश्रा दोनों हीरोइनों के पिता के रोल में हैं। अंगूर में हीरोइनों के पिता की बैक स्टोरी कम थी। इस बार उस कैरेक्टर की लंबाई बढ़ाई गई है।’