इंदौर में 4 दिन जन्माष्टमी की धूम

इंदौर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव अबकी बार 4 दिन तक चलेगा। अलग अलग मंदिरों में यह तारीखें अलग अलग हैं। 18 अगस्त से शुरुआत हो गई है। 21 अगस्त तक पर्व मनेगा। गोपाल मंदिर, बांके बिहारी मंदिर में गुरुवार यानी आज उत्सव मनेगा। इसी तरह यशोदा माता मंदिर, गोवर्धननाथ मंदिर, इस्कॉन सहित शहरभर में शुक्रवार को पर्व मनाया जाएगा।
वहीं, वेंकटेश मंदिर में रोहिणी नक्षत्र में 20 को, जबकि 135 साल पुराने रामानुज कोट मंदिर में 21 अगस्त को मनेगा। यह पर्व चार दिन इसलिए मनाया जाएगा, क्योंकि जन्माष्टमी मनाए जाने के संंबंध में स्मार्त और वैष्णव दो मत प्रचलित हैं।
वहीं, वेंकटेश मंदिरों में रोहिणी नक्षत्र की प्रधानता में, जबकि रामानुज कोट मंदिर में सूर्य की संक्रांति और रोहिणी नक्षत्र में यह पर्व मनाया जाता है। पं. मनोहर त्रिवेदी और नृसिंह मंदिर के पुजारी पं. मोहित शर्मा के अनुसार लंबे समय बाद शहर में लगातार चार दिन जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा।