घर-घर तिरंगा अभियान; अब रखें इस बात का ध्यान

अभियान के तहत घर-घर जो झण्डे लहरा रहे हैं उनका साइज 20X30 इंच हैं। पोस्ट ऑफिस से भी इसी साइज के तिरंगे बेचे जा रहे हैं और नगर निगम व अन्य एजेंसियां भी इसी साइज के तिरंगों को बेच रही हैं। यह साइज ‘फ्लेग कोड इंडिया’ द्वारा जारी 9 साइजों की सूची में शामिल नहीं है। इसे 24 घंटे 365 दिनों तक बिना रोकटोक लगा सकते हैं। दूसरी ओर ‘फ्लेग कोड इंडिया 2002’ में उल्लेखित ध्वज 24 घंटे नहीं फहरा सकते। सरकार के विशेष आदेश पर उस अवधि तक सशर्त फहराना होगा अर्थात सूर्यास्त के समय ध्वज को पर्याप्त रोशनी से रोशन रखना होगा।
बहरहाल, बात 20X30 इंच के तिरंगों की है जो बस्तियों से लेकर आलीशान मकानों में लहरा रहे हैं। इस बार अगस्त में मौसम का रुख बदला हुआ है। तेज बारिश का दौर चल रहा है। हालांकि 13 और 14 अगस्त को अभी तेज बारिश नहीं हुई है लेकिन मौसम विभाग ने एक-दो दिनों में संभावना जरूर बताई है। ऐसे में बारिश व हवा से तिरंगे निकलकर सड़क पर आ सकते हैं। इसे लेकर लोगों का इसका खास ध्यान रखना होगा।